खाली स्टेडियम पर बाबर की चिंता
PSL 2026 की शुरुआत से पहले ही खाली स्टेडियम बड़ा मुद्दा बन गया है. बाबर आजम ने माना कि दर्शकों की कमी खिलाड़ियों के उत्साह को प्रभावित करती है. उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन से फैंस वापस आ सकते हैं. हालांकि सुरक्षा कारणों से टूर्नामेंट बिना दर्शकों के खेला जाएगा. सभी मैच कराची और लाहौर में होंगे. ऐसे में अब नजर टीमों के प्रदर्शन पर रहेगी.
दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 का आगाज़ होने वाला है, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही एक बड़ी चिंता सामने है – खाली स्टेडियम. दर्शकों की कमी को लेकर चर्चा तेज है और इसी मुद्दे पर कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर आजम ने अपनी राय रखी.
स्टेडियम में दर्शकों की कमी बनी बड़ी चुनौती
पीएसएल के आगामी सीजन को लेकर बाबर आजम ने साफ तौर पर स्वीकार किया कि मैचों के दौरान स्टैंड्स का खाली रहना एक गंभीर समस्या है. उन्होंने कहा कि जब दर्शक मैदान में मौजूद होते हैं तो खिलाड़ियों का उत्साह भी अलग स्तर पर होता है, लेकिन पीएसएल में फिलहाल यह माहौल देखने को नहीं मिल रहा.
बेहतर प्रदर्शन से ही बदलेगा माहौल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बाबर ने इस समस्या का हल भी सुझाया. उन्होंने कहा कि टीमों को अपने खेल का स्तर और बेहतर करना होगा. अगर खिलाड़ी मैदान पर शानदार प्रदर्शन करेंगे, तो टीवी पर मैच देख रहे फैंस खुद-ब-खुद स्टेडियम तक आने के लिए प्रेरित होंगे. उनका मानना है कि क्वालिटी क्रिकेट ही दर्शकों को वापस लाने का सबसे प्रभावी तरीका है.
बाबर के बयान पर उठे सवाल
हालांकि, बाबर आजम के इस बयान के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या अब तक PSL में अच्छा क्रिकेट नहीं खेला जा रहा था? अगर खेल का स्तर पहले से ही बेहतर है, तो फिर दर्शकों की कमी क्यों बनी हुई है? ऐसे में पीएसएल 2026 में यह देखना दिलचस्प होगा कि बाबर आजम समेत सभी टीमें अपने प्रदर्शन से कितना बदलाव ला पाती हैं.
केवल दो शहरों में होंगे टूर्नामेंट के मैच
गौरतलब है कि पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 मौजूदा सुरक्षा हालात के कारण बिना दर्शकों के खेला जाएगा. इसका मुख्य कारण मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल बनाम इरान युद्ध है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बताया कि सभी मैच केवल कराची और लाहौर में होंगे. टूर्नामेंट 26 मार्च से 3 मई तक चलेगा, ओपनिंग सेरेमनी रद्द कर दी गई है.
चेयरमैन मोहसिन नकवी ने शहबाज शरीफ और सुरक्षा एजेंसियों से चर्चा के बाद फैसला लिया. टिकट राशि 72 घंटे में लौटाई जाएगी. कुल 44 मैच होंगे, 8 टीमें खेलेंगी, शीर्ष 4 प्लेऑफ में पहुंचेंगी और फाइनल गद्दाफी स्टेडियम में होगा.
