Mohammad Rizwan
मोहम्मद रिजवान ने 890 दिनों के लंबे अंतराल के बाद टेस्ट शतक लगाया है.

दिल्ली : पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच चल रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी में खेला जा रहा है. पहले दिन के खेल में पाकिस्तान टीम ने अपने शुरुआती चार विकेट जल्दी खो दिए, लेकिन सऊद शकील और मोहम्मद रिजवान ने मिलकर पारी को संभाल लिया और दिन के अंत तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया. दूसरे दिन, मोहम्मद रिजवान ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए शतक पूरा किया, जो उनके लिए एक लंबे समय के बाद आया है.

यह भी पढ़े: एडम गिलक्रिस्ट ने टॉप-3 विकेटकीपर बैटर चुने, इस भारतीय दिग्गज को दी जगह


890 दिनों का इंतजार हुआ खत्म


रिजवान का आखिरी टेस्ट शतक मार्च 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आया था. इसके बाद वह तीन अंकों तक पहुंचने में नाकाम रहे थे. अब रावलपिंडी में बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने 890 दिनों के लंबे अंतराल के बाद टेस्ट शतक लगाया है. पहले दिन के खेल के समाप्त होने तक, रिजवान 24 रन पर नाबाद थे, और दूसरे दिन उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की. रिजवान ने 143 गेंदों में अपना शतक पूरा किया.

यह मोहम्मद रिजवान का रावलपिंडी के मैदान पर दूसरा टेस्ट शतक है. इससे पहले, उन्होंने 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 115 रन की नाबाद पारी खेली थी. टेस्ट क्रिकेट में रिजवान का औसत 40 से अधिक है, और वह पाकिस्तान के सबसे सफल विकेटकीपर-बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं. उनके नाम तीन शतक और नौ अर्धशतक भी हैं.