गुरुवार को केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट से जबरदस्त जीत दर्ज करने के बावजूद टीम इंडिया के सिर से नंबर-1 टेस्ट टीम का ताज छिन गया है। इस टेस्ट सीरीज से पहले रोहित शर्मा एन्ड कंपनी तीनों फॉर्मेट की रैंकिंग में टॉप पर थी, मगर साउथ अफ्रीका दौरे पर 1-1 से सीरीज ड्रॉ करने के बाद भारत ताजा टेस्ट रैंकिंग में दूसरे पायदान पर खिसक गया है।
अब नंबर-1 टेस्ट टीम का ताज पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के सिर सज गया है. बता दें कि ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में कंगारू टीम 2-0 से आगे चल रही है।
मौजूदा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग पर नजर डालें तो, भारत और ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग्स में कोई खास अंतर नहीं है। टीम इंडिया 117 रेटिंग्स पॉइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर है, वहीं ऑस्ट्रेलिया 118 रेटिंग्स के साथ टॉप पर मौजूद है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका 106 रेटिंग्स अंको के साथ चौथे पायदान पर बना हुआ है और पाकिस्तान 92 रेटिंग्स के साथ 6ठें पायदान पर है।
गौरतलब है कि भारत और प्रोटियाज़ टीम के बीच खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ओवर के हिसाब से टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे छोटा टेस्ट बना। यह मुकाबला सिर्फ डेढ़ दिन और 107 ओवर में समाप्त हो गया। चौथी पारी में रोहित की सेना को सिर्फ 79 रन लक्ष्य मिला था, जिसे भारतीय टीम ने कुल अपनी पारी के 12वे ओवर में ही चेस कर लिया।
