कोरोना वायरस के चलते दुनिया भर में खेल प्रतियोगिताएं रद्द कर दी गई हैं, साथ ही क्रिकेट भी पूरी तरह से ठप्प हो गया है. इसी बीच भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने ICC को सुझाव दिया है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को स्थगित कर दिया जाए. बता दें कि ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में टीम इंडिया टॉप पर है और वह लॉर्ड्स में फाइनल खेलने की भी प्रबल दावेदार है.

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर ICC विचार कर रहा है कि 2023 तक अपने भविष्य के कार्यक्रमों में बदलाव करे. ICC ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई एक बैठक के बाद यह जानकारी दी थी. आईसीसी के 12 पूर्णकालिक सदस्यों और तीन सहायक प्रतिनिधि देशों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों ने 2023 तक भविष्य के दौरों एवं कार्यक्रमों (एफटीपी) में आवश्यकता के अनुसार बदलाव करने पर सहमति जताई थी.

इस बैठक के बाद बीसीसीआई का सुझाव आया है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को स्थगित कर दिया जाए क्योंकि 2023 के भविष्य दौरों एवं कार्यक्रमों में बदलाव की योजना है. इस बैठक में कोई बड़ा फैसला नहीं लिया जा सका लेकिन बैठक में इस बाद पर सहमति थी कि ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवम्बर में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप और 2021 में फरवरी-मार्च में न्यूजीलैंड में होने वाले महिला ODI वर्ल्ड कप अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे.

BCCI का यह सुझाव टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को बिलकुल पसंद आने वाला नहीं है, क्योंकि वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पक्ष में लगातार बोलते रहे हैं और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को हमेशा से सबसे ज्यादा अहमियत दी है. यहां तक विराट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को जीतना क्रिकेट में सबसे बड़ी उपलब्धि समझते हैं.

Leave a comment