मुख्य बिंदु:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का चयन चर्चा में है. चयनकर्ताओं ने जल्दी टीम घोषित कर दी और कई बड़े नामों को बाहर रखा. युवा खिलाड़ियों को मौका मिला और टीम की औसत उम्र कम हुई. ईशान किशन और रिंकू सिंह की वापसी भी खास रही.
दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका में खेला जाना है. इस मेगा इवेंट के लिए डिफेंडिंग चैंपियंस, टीम इंडिया ने अपने स्क्वाड की घोषणा कर दी है. आइए जानते हैं इससे जुड़ी 10 खास बातें.
1. भारत ने 49 दिन पहले टीम चुनी
7 फरवरी 2026 से टूर्नामेंट शुरू है और भारत ने 49 दिन पहले टीम चुन ली. यही टीम अगले साल 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के विरुद्ध 5 टी20 की सीरीज में भी खेलेगी. आईसीसी की गाइडलाइन ये है कि टूर्नामेंट शुरू होने से एक महीने पहले अपनी ‘पहली’ टीम का नाम बताना था यानि कि भारत के पास 7 जनवरी तक का समय था. ‘पहली’ टीम इसलिए चुनते हैं ताकि इन सभी के लिए वीजा और अन्य इंतजाम शुरू हो जाएं. भारत ने सबसे पहले टीम चुनी.
2. क्या भारत टीम में बदलाव कर सकता है
क्या भारत वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम में बदलाव कर सकता है? ये संभव है. गाइडलाइन ये है कि टूर्नामेंट शुरू होने से एक महीने पहले अपनी शुरुआती टीम और टूर्नामेंट से कम से कम एक हफ्ते पहले अपनी फाइनल टीम बताओ. इस तरह, भारत 31 जनवरी तक अपनी टीम में बदलाव कर सकता है. आपको ये जानकार हैरानी होगी कि भारत में शुरुआती टीम में बदलाव की मिसाल मौजूद हैं.
3. वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाले 7 खिलाड़ी नहीं हैं टीम का हिस्सा
टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली टीम के 7 खिलाड़ी इस शुरुआती टीम में नहीं हैं. ये सेलेक्टर्स की नई सोच का संकेत है और कप्तान सूर्यकुमार यादव की टीम की औसत उम्र पिछले वर्ल्ड कप की टीम से कम है.
4. हर आईपीएल टीम की हिस्सेदारी
इस बार चुनी टीम में हर आईपीएल टीम की हिस्सेदारी: मुंबई इंडियंस से 4 (सूर्य, हार्दिक, बुमराह, तिलक), केकेआर से 3 (वरुण, हर्षित, रिंकू), हैदराबाद (अभिषेक, ईशान), चेन्नई (दुबे, सैमसन) और दिल्ली कैपिटल्स (अक्षर, कुलदीप) से 2-2 तथा पंजाब (अर्शदीप) और गुजरात (वाशिंगटन) से 1-1 जबकि चैंपियन आरसीबी, लखनऊ और राजस्थान का कोई खिलाड़ी टीम में नहीं है.
5. उपकप्तान शुभमन गिल हुए बाहर
इस साल अगस्त में एशिया कप के लिए टीम चुनी थी तो शुभमन गिल की एंट्री (ओपनर और नए उप-कप्तान के रोल में) सबसे बड़ी चर्चा थी और अब उनका ‘आउट’ होना सबसे बड़ी चर्चा है। इन दोनों के बीच जो 15 टी20 इंटरनेशनल खेले उनमें वे एक 50 तक न बना पाए हालांकि टॉप आर्डर के बल्लेबाज थे।
6. ईशान किशन को घरेलू प्रदर्शन का इनाम
ईशान किशन को घरेलू प्रदर्शन का इनाम मिला, हालांकि हाल के सालों में भारत के सेलेक्टर घरेलू टूर्नामेंट के प्रदर्शन को कोई ख़ास महत्व न देने के लिए मशहूर रहे हैं. ईशान किशन ने 2023 के बाद से कोई टी20 इंटरनेशनल नहीं खेला है. झारखंड ने उनकी कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती और वे टूर्नामेंट में टॉप स्कोरर रहे.
7. रिंकू सिंह की एंट्री
दूसरी सबसे ख़ास एंट्री रिंकू सिंह की. ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध टी20 में नहीं खिलाया पर वर्ल्ड कप के लिए बुला लिया फिनिशर के रोल में. उनकी पारी के आखिर में विस्फोटक हिटिंग टेलेंट को वर्ल्ड कप के लिए सेलेक्टर्स ने भाव दिया. अब तक खेले 35 टी20 इंटरनेशनल में स्ट्राइक रेट 161.76 और डेथ ओवरों में तो ये 196.34 है.
8. 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के 8 खिलाड़ी शामिल
2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के 8 खिलाड़ी इस टीम में हैं. अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा अपना पहला टी 20 वर्ल्ड कप खेलेंगे. वरुण चक्रवर्ती और ईशान किशन 2021 टी20 वर्ल्ड कप में खेले थे.
9. स्पिन अटैक के लिए 6 खिलाड़ी
टीम में वास्तव में स्पिन अटैक के लिए 6 खिलाड़ी मौजूद हैं. इनमें से अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर को ऑलराउंडर गिना है. कप्तान और कोच तय करेंगे कि किस कॉम्बिनेशन के साथ खेलना है. इनमें से दो रिस्ट स्पिनर जो टी20 में एक विविधता की तरह से हैं.
10. शुभमन गिल को किया गया बाहर
सिर्फ शुभमन गिल को न चुनना चर्चा नहीं, जैसे बाहर किया वह उससे भी बड़ी चर्चा है. ऐसा नहीं कि BCCI सेक्रेटरी देवाजीत सैकिया के टीम घोषित करने से पता चला कि शुभमन आउट. ये तो लखनऊ में चौथे टी20 इंटरनेशनल के रद्द होने वाले दिन ही तय हो गया था. शुभमन के लिए अपमान ये कि चीफ सेलेक्टर, कप्तान या हेड कोच में से किसी ने भी कुछ नहीं बताया. पांचवें टी20 से पहले की शुभमन की चोट ने सेलेक्टर्स का रास्ता साफ कर दिया. अब ये लीक हो चुका है कि वे फिट थे, खेलना चाहते थे पर उन्हें नहीं खिलाया.
