Sanju Samson
Sanju Samson

CSK को मिला नया चेहरा

संजू सैमसन के CSK में आने से टीम में नई ऊर्जा दिख रही है. चेपॉक में फैंस उन्हें अपने खिलाड़ी की तरह अपना चुके हैं. तमिलनाडु और केरल के जुड़ाव ने उनके स्वागत को और खास बना दिया. धोनी के बाद टीम को नए हीरो की तलाश थी, जो अब पूरी होती दिख रही है. जर्सी नंबर 11 के साथ सैमसन से आक्रामक बल्लेबाजी की बड़ी उम्मीदें हैं.

दिल्ली: CSK को सिर्फ एमएस धोनी का क्रिकेट नहीं मिल रहा, इस टीम को चाहने वालों के साथ उनका वह जुड़ाव भी मिल रहा है जिसने धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले बाक़ी सभी खिलाड़ियों से अलग कर दिया था। यहां तक कि सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा और आर अश्विन भी उस मुकाम पर नहीं पहुंचे। इसके उलट जिन संजू सैमसन ने तो अभी चेन्नई टीम के लिए खेलना भी शुरू नहीं किया, उनका जिक्र धोनी के बाद टीम के नए राजा के तौर पर हो रहा है। वे अभी से ‘चेन्नई के अपने’ हो गए हैं। इतना जुड़ाव और स्वागत कोई मजाक नहीं पर मुद्दा ये है कि इसके पीछे की सोच क्या है? ऐसी 5 बड़ी वजह देखते हैं:

1. ये घर वापसी तो नहीं पर उससे कम भी नहीं: चेपॉक ग्राउंड में संजू सैमसन को देखते ही शोर होता है क्योंकि उन्हें तो एक घरेलू खिलाड़ी गिन रहे हैं। भारत के नक़्शे पर तमिलनाडु और केरल साथ-साथ हैं। उस पर संजू ने हमेशा से पीले रंग को अपना फेवरिट कलर बताया। इसलिए हर नजर में संजू और CSK ऐसी जोड़ी हैं जो अब तक न जाने क्यों एक दूसरे से दूर थे। वहां लोगों को लगता है कि जबरदस्त हिट फिल्म  ‘लबर पंधु (Lubber pandhu)’ में पर्दे पर जो स्टोरी दिखाई वह संजू के चेन्नई आने से स्क्रीन से सीधे ग्राउंड पर आ गई है। 

2. तमिलनाडु और केरल को कई चीजों ने आपस में जोड़ा है: इस मामले में सबसे ज्यादा जिक्र फ़िल्मों और राजनीति का होता है। इसी वजह से मलयालम भाषा में तमिल और तमिल भाषा में मलयालम शब्दों का इस्तेमाल बढ़ा है। पिछले कुछ साल से ये जुड़ाव क्रिकेट में भी नजर आया और केरल से भी बहुत से लोग CSK को सपोर्ट करते हैं। ये उनके लिए ‘अपनी’ जैसी टीम है। एर्नाकुलम, तिरुवनंतपुरम या कालीकट में भी क्रिकेट प्रेमी ‘येलो जर्सी’ में दिखाई दे जाएंगे। इसलिए केरल के संजू सैमसन को ‘अपनाने’ और प्यार देने में चेन्नई वालों को देर नहीं लगी। 

3. संजू सैमसन का चेन्नई के लिए प्यार सब जानते हैं : इसी वजह से, CSK में शामिल होते ही संजू ने इस फ्रेंचाइजी के लिए अपने प्यार की बात की। उनके ट्रेड के लगभग एक हफ़्ते बाद ही CSK ने जो वीडियो रिलीज की उसमें वे बोले, ‘केरल में, बहुत सारी पीली शर्ट्स दिखती हैं, तमिल और मलयालम भाषा एक-दूसरे के बहुत करीब हैं, हमारे बहुत से लोग तमिल बोलते हैं, तमिल फिल्में देखते हैं। मैं छोटा था तो मुझे तमिल में बात करना पसंद था। केरल में बहुत से लोगों ने मुझसे कहा, चेत्ता, बहुत बढ़िया फैसला किया। ये सभी चेन्नई की जर्सी पहनेंगे।’ चेन्नई में इस वीडियो ने जोश भर दिया। 

4. संजू सैमसन की क्रिकेट को चेन्नई ने पहले भी देखा है: पिछले कई सालों से वे उनके दीवाने रहे हैं। कुछ साल पहले, न्यूजीलैंड के विरुद्ध जब संजू ‘इंडिया ए’ के लिए यहां खेले तो 35° सेल्सियस की गर्मी में 20000 से ज़्यादा लोग उनकी बैटिंग देखने बैठे थे। उस दिन से संजू उनकी नजर में हैं। दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स की क्रिकेट का ग्राफ मानो रूका सा हुआ है। पिछले कुछ साल में आईपीएल टाइटल नहीं जीते। धोनी भी टीम की कमजोरियों को छिपा नहीं पाए। क्रिकेट ख़राब हुआ तो यहां तक कि धोनी के लिए दीवानगी में कमी आई है। कभी लीग की सबसे कामयाब टीम में से एक थे पर हाल के सालों में कोई नयापन नहीं। वही पुरानी पॉलिसी। इसलिए बात टीम की समझ में आ गई। संजू सैमसन आए तो एक नए हीरो की तलाश कर रहे फ़ैन्स में नई जान पड़ गई। धोनी कब तक राजा बने रहेंगे? उनकी जगह लेने वाला चाहिए। टीम ने 2008 के बाद से, पहली बार बाहर से नए हीरो को ढूंढा। 

5. संजू सैमसन को यहां की मशहूर जर्सी का नंबर दिया: इस आईपीएल में संजू सैमसन की चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी का नंबर वही है जो उन्हें सीधे विवियन रिचर्ड्स से कनेक्शन पर ले जाता है। वह नंबर दिया जो जो क्रिकेट की दुनिया के दिग्गजों की शान मानते हैं। वे नंबर 11 वाली जर्सी पहनेंगे (वे राजस्थान रॉयल्स में भी इसी नंबर की जर्सी पहनते थे।) और सर विवियन रिचर्ड्स की जर्सी का नंबर भी यही था। सभी को उम्मीद है कि उन जैसी ही आक्रामक बैटिंग करेंगे।  इस नंबर को असली ‘मास्टर ब्लास्टर’ सर विवियन रिचर्ड्स ने मशहूर बनाया था (1975 और 1979 में वेस्टइंडीज के लिए वर्ल्ड कप जीतने के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनी थी)। चेन्नई सुपर किंग्स में 11 नंबर की जर्सी ने पिछले कुछ सालों में कई बड़े बदलाव देखे हैं। शिवम दुबे ने 2022 और 2023 के अपने शानदार सीज़न के दौरान यह जर्सी पहनी थी। जिन रवींद्र जडेजा की जगह सैमसन को टीम में शामिल किया, वे इस फ्रेंचाइजी के साथ अपने शुरुआती सालों (2012) में 11 नंबर की जर्सी पहनते थे। लक्ष्मीपति बालाजी और पर्पल कैप विजेता रह चुके मोहित शर्मा ने भी यहां 11 नंबर की जर्सी पहनी है।
चेन्नई में आईपीएल प्रैक्टिस के दौरान सब गा रहे हैं, ‘ट्विंकल, ट्विंकल, लिटिल स्टार, संजू इज़ ए सुपरस्टार’ और अब हर नजर टीम के नए राजा पर है।