Ab De Villiers and MS Dhoni
Ab De Villiers and MS Dhoni

धोनी की भूमिका पर डी विलियर्स की राय

आईपीएल 2026 से पहले एबी डी विलियर्स ने एमएस धोनी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि अगर धोनी आठवें या नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं, तो यह स्थिति सही नहीं लगती. डी विलियर्स के मुताबिक धोनी जैसे अनुभवी खिलाड़ी को कम से कम छठे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए ताकि वह टीम को दबाव के समय संभाल सकें.

दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज से पहले एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के महान खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हर सीजन की तरह इस बार भी फैंस के मन में यही सवाल है कि क्या यह टूर्नामेंट धोनी के करियर का आखिरी आईपीएल साबित होगा. इस बीच, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एबी डी विलियर्स ने धोनी की टीम में मौजूदा भूमिका को लेकर अपनी राय रखी है और कहा है कि उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आना चाहिए.

धोनी की अहमियत पर भी डी विलियर्स ने की बात

जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान डी विलियर्स ने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी केवल एक खिलाड़ी की वजह से नहीं बनती. इसके पीछे कई सालों की मेहनत, शानदार प्रदर्शन और फैंस का भरोसा होता है. उन्होंने माना कि धोनी ने इस टीम को पहचान दिलाने में बेहद अहम भूमिका निभाई है और करीब दो दशक से वह आईपीएल के सबसे बड़े मैच विनर्स में शामिल रहे हैं.

नीचे बल्लेबाजी करने पर उठाए सवाल

हालांकि, डी विलियर्स का मानना है कि अगर धोनी बल्लेबाजी क्रम में काफी नीचे आकर खेलते हैं तो इससे उनकी भूमिका सीमित हो जाती है. उन्होंने कहा कि अगर वह आठवें या नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं, तो यह स्थिति सही नहीं मानी जा सकती. उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति में ऐसा लगता है कि वह टीम में किसी खास वजह से नहीं, बल्कि सिर्फ जगह भरने के लिए मौजूद हैं, जो एक दिग्गज खिलाड़ी के लिए उचित नहीं है.

समय के साथ कम हुई जिम्मेदारियां

पिछले कुछ सालों में चेन्नई सुपर किंग्स में धोनी की भूमिका धीरे-धीरे कम होती नजर आई है. आईपीएल 2024 से पहले उन्होंने टीम की कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी. इसके बाद टीम के भीतर कई बदलाव हुए हैं और अब माना जा रहा है कि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी किसी दूसरे खिलाड़ी को मिल सकती है. ऐसे में धोनी की भूमिका और सीमित होती दिखाई दे रही है.

इम्पैक्ट प्लेयर नियम से भी बदली स्थिति

आईपीएल में इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट नियम लागू होने के बाद टीमों की रणनीति भी बदल गई है. इस वजह से धोनी अक्सर आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी के लिए आते हैं और कुछ गेंदों में तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं. हालांकि, डी विलियर्स का मानना है कि एक अनुभवी खिलाड़ी होने के नाते उन्हें अधिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए.

ऊपर बल्लेबाजी करने की दी सलाह

डी विलियर्स ने सुझाव दिया कि धोनी को कम से कम छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मौकों पर उन्हें चौथे या पांचवें नंबर पर भी खेलते देखना दिलचस्प होगा. उनके अनुसार बड़े मैचों में टीम को स्थिरता देने और दबाव झेलने की जिम्मेदारी धोनी, जैसे अनुभवी खिलाड़ी को खुद उठानी चाहिए.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...