Krunal Pandya
Krunal Pandya

क्रुणाल पांड्या के नाम दर्ज है बड़ा रिकॉर्ड

IPL के 18 साल के इतिहास में क्रुणाल पांड्या दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो दो बार आईपीएल के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए हैं. उन्होंने IPL 2017 और IPL 2025 में ये कारनामा करके दिखाया है.

दिल्ली: आईपीएल का एक और नया सीजन शुरू होने के कगार पर है. 4 दिन बाद आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज हो जाएगा. हालांकि, अभी सीजन के पहले 16 दिनों का ही शेड्यूल सामने आया है, जिसमें 20 मुकाबले खेले जाने हैं. फैंस को एक बार फिर लगभग दो महीने जमकर चौके-छक्के देखने को मिलेंगे.

इस दौरान कई नए रिकॉर्ड बनेंगे और पुराने रिकॉर्ड्स की धज्जियां उड़ेंगी. हालांकि, IPL के पिछले 18 साल के इतिहास में एक रिकॉर्ड ऐसा है, जो सिर्फ एक बार बना है. ये रिकॉर्ड क्रुणाल पांड्या के नाम दर्ज है.

क्रुणाल पांड्या के नाम दर्ज है ये अद्भुत रिकॉर्ड

दरअसल, क्रुणाल इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो दो आईपीएल के फाइनल मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने में कामयाब रहे हैं. उन्होंने पहली बार ये कारनामा आईपीएल 2017 के फाइनल में किया था.

मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के बीच हुए इस फाइनल मैच में क्रुणाल ने 38 गेंदों पर 47 रनों की अहम पारी खेली थी, जिसकी मदद से MI ने 8 विकेट खोकर 129 रन बनाए थे. जवाब में RPS की टीम पूरे ओवर खेलकर 6 विकेट के नुकसान पर 128 रन बना पाई थी और मुंबई ने 1 रन के अंतर से फाइनल जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था.

बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने दूसरी बार फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब आईपीएल 2025 में जीता था. आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच हुए इस मैच में क्रुणाल ने अपने 4 ओवरों के स्पेल में सिर्फ 17 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके थे. उनके इस स्पेल की मदद से RCB की टीम 6 रन से मैच जीतने में कामयाब रही और उसे पहली बार ट्रॉफी को उठाने का मौका मिला था.

क्रुणाल पांड्या का IPL करियर

35 वर्षीय क्रुणाल के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने अभी तक 142 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 22 से ऊपर की औसत से 1756 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले हैं. वहीं, गेंदबाजी में क्रुणाल 93 विकेट झटकने में सफल हुए हैं.