स्पिन से मैच पलटने की सोच
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने T20 क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजी को लेकर अपनी सोच साफ की. उन्होंने कहा कि रन रोकना और दबाव बनाना सबसे अहम है. विशाखापट्टनम T20 में सैंटनर ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए. संजू सैमसन. हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को आउट कर उन्होंने भारत को बैकफुट पर धकेल दिया. परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी ही सफलता की कुंजी है.
दिल्ली: न्यूजीलैंड के कप्तान और बाएं हाथ के ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में स्पिनरों की भूमिका को लेकर अपनी राय रखी है. भारत के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में उनकी रणनीति पूरी तरह सफल रही, जहां उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए अहम विकेट झटके और टीम को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
कप्तान के रूप में सैंटनर की स्पष्ट रणनीति
मैच के बाद बातचीत में सैंटनर ने कहा कि टी20 क्रिकेट में उनका मुख्य काम रन गति पर लगाम लगाना, बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखना और मौके मिलने पर विकेट हासिल करना है. उनके अनुसार, हर ओवर में बड़े शॉट रोकना हमेशा संभव नहीं होता, ऐसे में सिंगल रन देकर भी बल्लेबाजों को बांधकर रखना फायदेमंद साबित होता है. उन्होंने माना कि मौजूदा दौर में टी20 क्रिकेट में लगातार बड़े स्कोर बन रहे हैं, इसलिए स्पिनरों को समझदारी से गेंदबाजी करनी होती है.
विशाखापट्टनम में गेंद से दिखाया असर
इस मुकाबले में सैंटनर ने चार ओवर में सिर्फ 26 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए. उन्होंने पहले संजू सैमसन को क्लीन बोल्ड कर भारत को झटका दिया, फिर हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को भी पवेलियन भेजा. न्यूजीलैंड ने यह मैच 50 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया.
परिस्थिति के अनुसार गेंदबाजी पर जोर
सैंटनर ने कहा कि अगर टीम बड़े स्कोर का बचाव कर रही हो तो रन रेट को थोड़ा बढ़ने देना भी रणनीति का हिस्सा हो सकता है, लेकिन कम स्कोर का बचाव करते समय विकेट लेना ही एकमात्र रास्ता होता है. उनके मुताबिक, सफल गेंदबाजी का राज परिस्थितियों को समझने और उसी हिसाब से खुद को ढालने में है.
आक्रामकता और संतुलन की जरूरत
सैंटनर ने यह भी कहा कि अगर कोई बल्लेबाज कलाई के स्पिनर को ठीक से नहीं पढ़ पा रहा हो, तो कुलदीप यादव या रवि बिश्नोई जैसे गेंदबाजों की तरह थोड़ा आक्रामक रुख अपनाया जा सकता है. उनके मुताबिक, ईश सोढ़ी भी मैच की परिस्थितियों को देखते हुए अधिक आक्रामक होकर विकेट लेने की कोशिश कर रहे थे.
शिवम दुबे की पारी की सराहना
हालांकि, न्यूजीलैंड के कप्तान ने शिवम दुबे की विस्फोटक बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की. दुबे ने 23 गेंदों में 65 रन की तेज पारी खेली. सैंटनर ने कहा कि उन्होंने दुबे को पहले भी इस तरह लंबे शॉट खेलते देखा है. न्यूजीलैंड की रणनीति साफ थी कि दुबे को जल्दी आउट करना जरूरी है, लेकिन शिवम को अपनी भूमिका अच्छी तरह पता थी और उन्होंने स्पिन गेंदबाजी का पूरा फायदा उठाया.
