दिल्ली: आईपीएल 2025 का 24वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है. यह मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हो रहा है. दिल्ली कैपिटल्स शानदार फॉर्म में है और सीजन में अब तक खेले गए तीनों मैच जीत चुकी है. वहीं आरसीबी ने चार में से तीन मैचों में जीत दर्ज की है. ऐसे में दोनों टीमें अच्छे फॉर्म में हैं और इस मुकाबले के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है. टॉस दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने जीता और पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला लिया. इसके साथ ही आरसीबी की टीम पहले बल्लेबाज़ी कर रही है.
मेहनत करने की जरूरत है
इस बड़े मुकाबले से पहले आरसीबी के तेज गेंदबाद भुवनेश्वर कुमार ने कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से पूरी तरह खुश नहीं हूं. ऐसा नहीं है कि सब कुछ खराब है, लेकिन मैं जानता हूं कि मैं और अच्छा कर सकता हूं. गेंद हाथ से ठीक निकल रही है, फिर भी और मेहनत करने की जरूरत है.
नेट्स में मेहनत जारी
मैं नेट्स में लगातार स्विंग पर काम कर रहा हूं. अभी गेंद नई होती है तो थोड़ी बहुत स्विंग मिल जाती है, लेकिन मैं चाहता हूं कि मैं अपने सबसे अच्छे स्तर तक पहुंचूं. टीम और मैनेजमेंट से जो समर्थन मिला है, वह शानदार है. मुझे बिल्कुल भी यह महसूस नहीं हुआ कि मैं किसी नई टीम का हिस्सा हूं. इस टीम में सबने बहुत अच्छे से मेरा स्वागत किया है.
जीत के लिए बुनियादी चीज़ों पर ध्यान
हमने यहां पिछला मैच ज़रूर हारा था, लेकिन जो तीन मैच बाहर खेले थे, उनमें हमने अच्छा प्रदर्शन किया था. हम आगे आने वाले मुकाबलों में भी वही चीज़ें दोहराना चाहते हैं. किसी खास रणनीति की ज़रूरत नहीं है, बस बुनियादी बातों को सही तरीके से करना है ताकि नतीजा हमारे पक्ष में आ सके.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
| दिल्ली कैपिटल्स (DC) | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) |
|---|---|
| फाफ डु प्लेसिस | विराट कोहली |
| जेक फ्रेजर-मैकगर्क | फिल सॉल्ट |
| अभिषेक पोरेल | देवदत्त पडिक्कल |
| ट्रिस्टन स्टब्स | रजत पाटीदार |
| केएल राहुल | लियाम लिविंगस्टोन |
| अक्षर पटेल | जितेश शर्मा |
| अशुतोष शर्मा | टिम डेविड |
| विप्रज निगम | क्रुणाल पांड्या |
| मिचेल स्टार्क | भुवनेश्वर कुमार |
| कुलदीप यादव | जोश हेजलवुड |
| मुकेश कुमार | यश दयाल |
