Sanju Samson
Sanju Samson

विश्व कप जीत पर सैमसन का बड़ा बयान

भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज Sanju Samson ने कहा कि टी20 विश्व कप जीतना उनके करियर का सबसे खास पल है. उन्होंने बताया कि कई बार सुबह उठकर भी उन्हें यकीन नहीं होता कि भारत चैंपियन बन चुका है. सैमसन ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है और यही कारण है कि टीम इंडिया आने वाले वर्षों में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार बड़ी सफलताएं हासिल कर सकती है.

दिल्ली: भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा है कि टीम इंडिया आने वाले वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट पर लगातार अपना दबदबा कायम रखने की क्षमता रखती है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नमन पुरस्कार 2026 के कार्यक्रम के दौरान उन्होंने टी20 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत और अपने प्रदर्शन को याद करते हुए कहा कि यह पूरा सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था. सैमसन के मुताबिक, अभी भी कई बार उन्हें यह विश्वास नहीं होता कि उन्होंने और उनकी टीम ने यह उपलब्धि हासिल कर ली है.

सुबह उठकर भी यकीन नहीं होता कि हमने विश्व कप जीता

सैमसन ने टी20 विश्व कप जीत के बाद की भावनाओं को साझा करते हुए कहा कि कई बार सुबह उठने पर उन्हें लगता है कि क्या वाकई ऐसा हुआ है. उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की इतनी बड़ी फौज है कि आने वाले समय में टीम कई बार ऐसी सफलताओं को दोहराने में सक्षम है. उनके अनुसार, देश में लगातार नए और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों का उभरना भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है.

टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन से बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया. उन्होंने सिर्फ पांच पारियों में लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई. टीम में शुरुआती मुकाबलों में जगह न मिलने के बावजूद उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाया. वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर आठ के महत्वपूर्ण मुकाबले में, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 80 से ज्यादा रन बनाकर उन्होंने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

विश्व कप जीतना मेरा सपना था

सैमसन ने कहा कि अपने देश के लिए विश्व कप जीतना हमेशा से उनका सपना रहा है. हालांकि, उन्होंने माना कि हर खिलाड़ी सपना तो देखता है, लेकिन हर किसी का रास्ता अलग होता है. उनके मुताबिक, उनके करियर का सफर भी कुछ ऐसा ही रहा, जिसमें कई उतार-चढ़ाव आए. उन्होंने कहा कि यह पूरी कहानी किसी फिल्म की तरह लगती है और उन्हें इस यात्रा का हिस्सा बनकर बेहद खुशी हुई.

टीम के लिए खेलने का नजरिया बदला

सैमसन ने बताया कि विश्व कप से पहले उनके खेल का फोकस काफी हद तक व्यक्तिगत प्रदर्शन पर था, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान उनका पूरा ध्यान टीम की जरूरतों पर केंद्रित हो गया. उन्होंने कहा कि जब टीम को उनकी जरूरत महसूस हुई, तब उनके भीतर आत्मविश्वास भी बढ़ा और उन्होंने वही करने की कोशिश की, जिसमें वह सबसे बेहतर हैं.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...