इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने एशेज सीरीज 2023 के 5वें टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को आउट करने के बारे में बताया, उन्होंने कहा यह सब मैंने ऑस्ट्रेलिया से ही सीखा है। दरअसल ये घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के 43वें ओवर में घटी ब्रॉड ने नॉन स्ट्राइकर एंड से स्टंप पर रखी बेल को इधर से उधर किया।
इंग्लिश तेज गेंदबाज को ऐसा करता हुआ देखकर लाबुशेन भी हंसने लगे, हालांकि अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। अब इस दिग्गज गेंदबाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा कि मैंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को ऐसा पहले करते हुए देखा है और उसी को देख कर ही आज मैंने ऐसा किया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज जस्टिन लैंगर और स्पिनर नेथन लियोन पहले ऐसा कर चुके हैं।
37 वर्षीय खिलाड़ी ने कंगारू टीम के खेल को लेकर कहा कि मुझे नहीं लगता कि वो अपने खेलने की शैली में कोई बदलाव करेंगे, क्योंकि उन्हें इसी शैली के साथ खेलने से सफलता हासिल हुई है। हम एक नई क्रिकेट खेल रहे हैं और दूसरी टीमों के मुकाबले हमारा खेलने का तरीका अलग है। ऑस्ट्रेलिया ने अपने उसी खेल के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी जीता है, ऐसे में वह हमारी तरह नहीं खेलेंगे।
