बांग्लादेश के खिलाफ रविवार को नागपुर में तीसरे टी20 मुकाबले में हैट्रिक समेत 6 विकेट झटकने वाले गेंदबाज दीपक चाहर ने मंगलवार को फिर से हैट्रिक ले ली. इस बार उन्होंने ये कारनामा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में राजस्थान के लिए खेलते हुए किया.

दीपक ने मंगलवार को विदर्भ के खिलाफ मुकाबले में 3 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके. उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान ने विदर्भ को 13 ओवर में 9 विकेट के नुक्सान पर 99 रन पर रोक दिया. बारिश के कारण मैच 13 ओवर का कर दिया गया था.

उन्होंने अपने तीसरे ओवर में 4 विकेट झटके. पहला विकेट उन्हें पहली गेंद पर मिला, वहीं ओवर की आखिरी की तीन गेंदों पर उन्होंने हैट्रिक झटकी. उनके हैट्रिक में दर्शन नलकांडे, श्रीकांत वाघ और अक्षय वाडकर के विकेट शामिल हैं.

इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ नागपुर में चाहर ने 3.2 ओवर में सिर्फ 7 रन खर्च कर 6 विकेट झटके थे. वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने वाले पहले पुरुष गेंदबाज हैं. दीपक चाहर ने 18 वें ओवर की अंतिम गेंद पर शफीउल इस्लाम को आउट किया था और फिर अंतिम ओवर की पहली दो गेंद पर मुस्तफिजुर रहमान और अमीनुल इस्लाम को हटाकर अपनी हैट्रिक पूरी की थी.

Leave a comment