इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलने वाले ड्वेन ब्रावो ने अपने टीममेट अम्बाती रायडू से जुड़े कई किस्सों के बारे में बातचीत की. ब्रावो ने अंबाती रायडू से अपना खास लगाव बताया और कहा कि दोनों में काफी हंसी-मजाक भी होता रहा है. CSK के साथ एक लाइव इंस्टाग्राम में ब्रावो ने कहा कि रायडू उनके फेवरेट खिलाड़ियों में से एक हैं.
ब्रावो ने रायडू के बारे में बात करते हुए कहा, “मैं उनके साथ मुंबई इंडियंस के लिए भी खेला. हालांकि, वहां हम बहुत ज्यादा साथ नहीं खेले. वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं हुआ. वह भारत के बेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं.” याद दिला दें कि कई सालों की मेहनत के बाद रायडू ने 2019 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली थी, लेकिन मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने ‘थ्री डी’ खिलाड़ी का हवाला देते हुए उन्हें वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुना था.
हालांकि ब्रावो ने ये भी बताया कि रायडू नेगेटिव और गुस्सैल भी हैं. ब्रावो ने कहा, “अंबाती रायडू बहुत गुस्से वाले हैं. मैं अक्सर उनके साथ मजाक करता हूं और चिढ़ाता हूं. मैं उनसे कहता हूं कि मुझे समझ नहीं आता कि सीएसके ने तुम्हें क्यों खरीदा है.” ब्रावो ने आगे बताया, “वह हर बार मुझे गलत साबित करने की कोशिश करते हैं और वह ऐसा करते भी हैं. आप चेन्नई सुपर किंग्स के पहले सीजन को देखिए, हम एक-दूसरे के पास बैठे थे. जब भी मैं उनके पास बैठता हूं तो मेरे भीतर नेगेटिव विचार आने लगते हैं.”
ब्रावो ने बताया कि रायडू बहुत जुझारू खिलाड़ी हैं. उन्होंने कहा, “वह मुझे गलत साबित करने के लिए हमेशा तैयार रहता है. मैं उनकी सफलता से हर बार खुश होता हूं. मेरे लिए वह बहुत खास हैं. यदि आप उन्हें जानते हैं तो आप उनसे प्रेम करेंगे और यदि नहीं जानते तो आपके मन में गलत विचार आएंगे. वह सही अर्थों में टीममैन है. क्रिकेट को लेकर वह बहुत जुनूनी हैं.”
याद दिला दें कि चेन्नई सुपर किंग्स से पहले दोनों खिलाड़ियों ने मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम भी शेयर किया है. दोनों का ही आईपीएल सफर शानदार रहा है. दोनों आईपीएल के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रहे हैं रहे हैं.
