भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज के चौथे मैच में 8 रनों से पटखनी दी और सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली। ओइन मॉर्गन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए थे। अंग्रेजों ने 186 रनों का पीछा करते हुए 177 रन बनाए। भारत की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।
वहीं, भारतीय गेंदबाजों ने भी इंग्लैंड के विरुद्ध शानदार गेंदबाजी की। भारत के स्टार हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने इस मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। हार्दिक ने मेहमान टीम के बल्लेबाजों को कई धीमी गेंदें डाली, जिसके चलते वे आसानी से रन नहीं बना पाए। पांड्या ने मैच के बाद अपनी गेंदबाजी पर बात की।
हार्दिक पांड्या ने मैच के बाद कहा, ”मैं पिछले डेढ़ साल से धीमी गेंदें डाल रहा हूं। सभी जानते हैं कि मैं एक दाएं हाथ का तेज गेंदबाज हूं, लेकिन बीच में ऑफ स्पिनर भी बन जाता हूं। यह मेरी ताकत है। सभी जानते हैं कि मैं धीमी गेंदें फेंकता हूं, लेकिन वे हिट नहीं कर पाते तो यह उनकी समस्या है।”
उन्होंने आगे कहा, ”फिटनेस बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आपको अपने एक्शन पर काम करना बहुत मुश्किल होता है। मैंने इस पर पूरी टेस्ट सीरीज के दौरान काम किया था, लेकिन अंत में, जब आप मुकाबला खेलते हैं तभी आपको पता चलता है कि गेंदबाजी एक्शन में कितना बदलाव आया है।”
