गुरूवार को आईपीएल के 14वें संस्करण में 25वां मुकाबला खेला गया. यह मैच अहमदाबाद में बने दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित हुआ. इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम्स आमने-सामने थीं, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से पराजित किया. धवन और शॉ ने अपनी टीम की जीत में अहम योगदान देते हुए पहले विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी निभाई. दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था.
इस धमाकेदार जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स मौजूदा आईपीएल सीजन की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. केकेआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने दिग्गज सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की 82 रन की ताबड़तोड़ पारी की मदद से नीली जर्सी वाली टीम ने 16.3 ओवर में ही मुकाबले को अपने नाम कर लिया. पृथ्वी ने 41 गेंदों का सामना किया.
दिल्ली कैपिटल्स ने 21 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य को प्राप्त कर लिया. इससे पहले केकेआर के 155 रन के लक्ष्य के जवाब में पृथ्वी शॉ ने पहले ही ओवर में लगातार छह चौके जड़े. उन्होंने तेज गेंदबाज शिवम मावी की कुटाई की. इस तरह कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम पृथ्वी की आंधी में उड़ गई. इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया.
वहीं, केकेआर की तरफ से रसेल ने नाबाद 45 रन बनाए, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए अक्षर पटेल और ललित यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए. बता दें कि इन दोनों टीम्स के बीच अब तक कुल 26 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 12 बार दिल्ली कैपिटल्स को और 14 बार कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत मिली है.
दिल्ली कैपिटल्स की इस धमाकेदार जीत के बाद फैंस सोशल मीडिया पर मीम्स की बरसात कर रहे हैं. आइये नज़र डालते हैं.
