इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन की शुरुआत 9 अप्रैल से मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबले से होने जा रही है. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मैच 10 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने उतरेगी. पीली जर्सी वाली टीम इस सीजन में भी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेलती नज़र आएगी.
हाल ही में सीएसके ने धोनी की अपने साथ उप्लब्धता पर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने कन्फर्म कर दिया है कि येलो आर्मी के साथ उनका ये आखिरी सीजन नहीं होगा.
कुछ समय पहले धोनी को लेकर ये कयास लगाए जा रहे थे कि आईपीएल का 14वां एडिशन धोनी का आखिरी सीज़न हो सकता है, क्योंकि वे 39 साल के हो चुके हैं. इतना ही नहीं माही ने पिछले साल अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था.
टीम के सीईओ कासी विश्वनाथन ने कहा, “धोनी आईपीएल के 14वें सीजन के बाद भी इस लीग में खेलना जारी रख सकते हैं. हमने ये बात कन्फर्म कर दी है कि येलो आर्मी के साथ उनका ये आखिरी संस्करण नहीं होगा.”
उन्होंने 15 अगस्त 2020 को क्रिकेट को अलविदा कहा था. धोनी इस बार भी सीएसके की कप्तानी करते नज़र आएंगे. उनकी कप्तानी में चेन्नई की इस टीम ने अब तक 3 बार आईपीएल का खिताब जीता है. सीएसके इस बार अपने चौथे टाइटल की तलाश में होगी, लेकिन उसके लिए धोनी की सेना को एड़ी चोटी तक के ज़ोर लगाने होंगे.
