arashdeep singh kl rahul

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2021 में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। सोमवार को पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को 4 रनों से करारी शिकस्त दी। पंजाब टीम की इस जीत में युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अहम योगदान दिया। अर्शदीप ने 4 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। राजस्थान की टीम को अंतिम ओवर में 13 रनों की जरूरत थी, लेकिन अर्शदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 8 रन दिए।

अर्शदीप सिंह ने मैच के बाद केएल राहुल से बात की। इस दौरान कप्तान ने उनसे पूछा कि दबाव की परिस्थितियों में आपकी मानसिकता कैसी होती है। इस पर 22 साल के बाएं हाथ के पेसर ने कहा कि जिस तरह आपने विश्वास दिखाया उसके लिए बहुत शुक्रिया। हालांकि, केएल राहुल ने भी उनके इस जवाब पर मजेदार प्रतिक्रिया दी।

केएल राहुल ने अर्शदीप सिंह को कहा, “मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा था, इसलिए अंतिम ओवर तुझे दिया।” दोनों का यह शानदार वीडियो आईपीएल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर साझा किया है। केएल राहुल के इस मजेदार जवाब के बाद अर्शदीप सिंह ने स्वीकार किया कि कप्तान का समर्थन उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करता है।

उन्होंने कहा, “अच्छा लगता है कि जब कप्तान आपको सपोर्ट करते हैं और आपको दबाव की स्थिति में गेंद देते हैं। सपोर्ट स्टाफ, कोच और कप्तान जिस तरह का आत्मविश्वास देते हैं, वह वास्तव में बेहतरीन प्रदर्शन करने में मदद करता है। भविष्य में टीम के लिए और भी शानदार प्रदर्शन देने की कोशिश करूंगा और कप्तान जब भी मुझे गेंदबाजी करने के लिए कहेंगे मैं अपना बेस्ट दूंगा।”

वहीं, अर्शदीप सिंह ने केएल राहुल से पूछा कि टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर आपको कैसा महसूस हुआ। उन्होंने कहा, “एक कप्तान और एक खिलाड़ी के रूप में मैं इस तरह के खेलों का हिस्सा नहीं बनना चाहता, लेकिन पंजाब किंग्स आसानी से हार नहीं मानती है। यह पिछले साल भी नहीं था और मुझे नहीं लगता कि यह इस साल भी होगा। लेकिन उम्मीद करते हैं कि हम कुछ मैच आराम से जीत सकें। यह एक शानदार जीत थी और हमारे लिए इस तरह की शुरुआत करना बहुत महत्वपूर्ण था।”

Leave a comment