ipl 2021 kkr vs rr crictoday
इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी कड़ी टक्कर!

22 अप्रैल की राजस्थान रॉयल्स की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के हाथों बड़ी हार ने राजस्थान रॉयल्स को पॉइंट्स तालिका में सबसे नीचे पहुंचा दिया. 4 मैच में सिर्फ 1 जीत और यहां से वापसी आसान नहीं है। हालत तो कोलकाता नाइट राइडर्स की भी लगभग ऐसी ही है और वे भी 4 में से सिर्फ 1 मैच जीते पर नेट रन रेट ने उन्हें नंबर 6 पर रखा हुआ है। अब इन दोनों टीम के बीच आपस में जब अगला मैच होगा तो देखना ये है कि कौन किसकी मुश्किलों को बढ़ाता है? मैच पर असर डालने वाले कांटे के मुकाबले देखिए :

शुभमन गिल बनाम चेतन सकारिया : दोनों युवा क्रिकेटर और इनमें से भी दाएं हाथ के बल्लेबाज़ शुभमन गिल इंटरनेशनल क्रिकेट में आ चुके हैं पर इस सीजन में 4 पारी में सिर्फ 69 और उनका बड़ा स्कोर न बना पाना टीम के लिए बड़े नुक्सान वाला साबित हो रहा है। दूसरी और खब्बू मीडियम फ़ास्ट चेतन सकारिया टॉप फार्म में हैं और गिल पर हावी होने का मौका नहीं छोड़ेंगे। टी 20 में अभी तक एक- दूसरे को नहीं खेले।

दिनेश कार्तिक बनाम मुस्तफिजुर रहमान : दाएं हाथ के बल्लेबाज़ दिनेश कार्तिक ने फार्म में वापसी की चेन्नई के विरुद्ध 40 रन बनाकर – ये बात अलग है कि उनकी ये कोशिश टीम के लिए रोमांचक जीत नहीं ला सकी। खब्बू फ़ास्ट मीडियम मुस्तफिजुर रहमान आसानी से रन नहीं बनाने देते। देखें इनके मुकाबले में कौन किसका रिकॉर्ड ख़राब करता है। टी 20 में मुस्तफिजुर रहमान की गेंदबाज़ी पर दिनेश कार्तिक का रिकॉर्ड : 3 गेंद में 0 रन।

आंद्रे रसेल बनाम क्रिस मॉरिस: दाएं हाथ के बल्लेबाज़ आंद्रे रसेल और क्रिस मॉरिस, जो दाएं हाथ से फ़ास्ट मीडियम गेंदबाज़ी करते हैं, के बीच मुकाबला इस मैच का सबसे ज्यादा देखने वाला नज़ारा होगा। रसेल आखिरी ओवरों में रन बनाने आते हैं और एक गेंदबाज़ के तौर पर मॉरिस डेथ ओवर कहे जाने वाले इन आखिरी ओवर में ही सामने आते हैं।आंद्रे रसेल डेथ ओवरों के बादशाह हैं। दुनिया के उन कुछ बल्लेबाज में से एक जो इसके माहिर हैं- पिछले तीन साल में सिर्फ एबी डिविलियर्स और इयोन मोर्गन ने एक टी 20 पारी के अंतिम ओवरों में उनसे तेजी से रन बनाए हैं।क्या मॉरिस उन्हें रोक पाएंगे? टी 20 में क्रिस मॉरिस की गेंदबाज़ी पर आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड : 4 पारी में 20 गेंद में 32 रन जिसमें 5 बॉउंड्री।

शिवम दुबे बनाम वरुण चक्रवर्ती : खब्बू शिवम दुबे और लेग ब्रेक गुगली वरुण चक्रवर्ती के बीच मुकाबला इस सीजन के नए मुकाबलों में से एक है। शिवम् ने 4 पारी में लगभग 119 के SR से 88 रन बनाए हैं। अब तक वरुण चक्रवर्ती को सही तरह प्रयोग न करने का दोष मॉर्गन पर आ रहा है- आरसीबी से हार में इस गलती की बड़ी भूमिका थी। इस बार देखें उन्हें कैसे इस्तेमाल करते हैं कप्तान? टी 20 में अभी तक एक – दूसरे को नहीं खेले।

क्रिस मॉरिस बनाम सुनील नरेन : दाएं हाथ के क्रिस मॉरिस को बैटिंग में भी अपना जोर दिखाना होगा और सामने टी 20 के अनुभवी दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक सुनील नरेन जो इस सीजन में तब आखिरी 11 में आ पाए जब टीम की क्रिकेट की लय बिगड़ चुकी थी। मॉरिस ने भले 4 पारी में 48 ही रन बनाए पर गेंद भी तो 31 ही खेलीं। अब ये टीम मैनेजमेंट को सोचना होगा कि कैसे उन्हें ज्यादा गेंद खेलने का मौका दें। इतना महंगा खिलाड़ी लिया है तो सही उपयोग तो करो। टी 20 में सुनील नरेन की गेंदबाज़ी पर क्रिस मॉरिस का रिकॉर्ड : 3 पारी में 7 गेंद में 7 रन जिसमें 1 बॉउंड्री।

Leave a comment