लखनऊ: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के युवा ऑलराउंडर विल जैक्स इस बात से निराश हुए दिखे कि दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल प्लेइंग इलेवन में वापस आ गए हैं. बता दें कि आरसीबी लगातार मैच हार रही थी और इस बीच मैक्सवेल अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे थे, जिसकी वजह से उन्होंने बेंगलुरु के टीम मैनेजमेंट से ब्रेक मांगा था. उन्होंने इसके पीछे मानसिक तनाव का कारण दिया था लेकिन 28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान अंतिम ग्यारह में वापसी की.
मैक्सवेल की जब इस मैच में वापसी हुई तो जैक्स बहुत हैरान थे और वो चाहते थे स्टार खिलाड़ी वापस न आएं. इसके अलावा उन्होंने पूर्व महान खिलाड़ी एबी डी विलियर्स से अपनी तुलना को लेकर भी बड़ी प्रतिक्रिया दी है. दरअसल, जैक्स ने गुजरात के खिलाफ शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं और अपनी टीम को मैच में जीत दिलाई थी. ऐसे में आरसीबी से बातचीत के दौरान जैक्स ने बड़ा बयान दिया है.
यह भी पढ़ें – ‘वो विराट कोहली की तरह हैं’, इरफान पठान ने 22 वर्षीय खिलाड़ी को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी
उन्होंने कहा, “जब मैक्सवेल को छुट्टी दी गई तो मैं इससे बहुत खुश था. अब जब वो फिर से वापस आ गए हैं, तो मैं थोड़ा दबाव में हूं. मैंने उन्हें गोल्फ खेलते हुए घायल करने की कोशिश ताकि उन्हें मैच से बाहर रख सकूं. हालांकि, उनकी वापसी के बाद से ही मेरे ऊपर काफी दबाव आ गया है.”
इसी बातचीत के दौरान फैंस उनकी खूब सराहना करते हुए नजर आए और उनकी तुलना डी विलियर्स से की लेकिन उन्होंने इस और शानदार जवाब दिया है. जैक्स ने कहा कि “आरसीबी के लिए अगला एबी डी विलियर्स बनना बहुत ही चुनौतीपूर्ण है और ये कभी भी आसान नहीं होने वाला है. वो आरसीबी के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं, जबकि विश्व क्रिकेट में भी वो दिग्गज रहे हैं. मैं बस वही करने की कोशिश करूंगा, जो मैं कर सकता हूं.”
गुजरात टाइटंस के खिलाफ लगाया था शानदार शतक
28 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में गुजरात के खिलाफ खेले गए मैच में 25 वर्षीय ने शतकीय पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई थी. इस मैच में उन्होंने 41 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 10 छक्के की मदद से नाबाद 100 रनों की पारी खेली थी. उनकी इस पारी की सबसे खास बात ये रही कि उन्होंने 31 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था और अगली 10 गेंदों पर 50 रन बना दिए. इस मुकाबले में बेंगलुरु ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी.
यह भी पढ़ें – मुंबई की कप्तानी से हटाए जाने के बाद पहली बार रोहित शर्मा ने दिया जवाब
