भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि द्रविड़ ने उन्हें कभी भी स्वाभाविक खेल बदलने की नसीहत नहीं दी. बता दें कि द्रविड़ के मार्गदर्शन में शॉ ने बल्लेबाजी के गुण सीखे हैं. भारतीय टीम की ‘द वॉल’ के नाम से प्रख्यात राहुल द्रविड़ की सबसे बड़ी उपलब्धि साल 2018 में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के दौरान आई थी. इस दौरान द्रविड़ टीम इंडिया के मुख्य कोच थे. भारत ने स्टार बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की कप्तानी में इस विश्व कप को अपने कब्ज़े में लिया था.
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, “हमने द्रविड़ सर के साथ 2 साल पहले दौरा किया था. हमें पता था कि वह अलग हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी हम लोगों से अपने, जैसा बनने का दबाव नहीं डाला. उन्होंने कभी भी मुझसे कुछ भी बदलने के लिए नहीं कहा. द्रविड़ सर हमेशा मुझे स्वभाविक खेल खेलने के लिए कहते थे.”
उन्होंने आगे कहा, “जब द्रविड़ सर होते हैं तो आपको अनुशासित होकर रहना पड़ता है. उनसे थोड़ा डर लगता है, लेकिन मैदान के बाहर वह हमारे साथ दोस्त की तरह रहते थे. द्रविड़ सर हमारे साथ डिनर के लिए जाते थे और उन जैसे लीजेंड खिलाड़ी के साथ डिनर करने का मेरा सपना सच हुआ था. कोई भी युवा खिलाड़ी लीजेंड क्रिकेटर के साथ डिनर करना पसंद करेगा.”
गौरतलब है कि द्रविड़ मौजूदा समय में नेशनल क्रिकेट अकादमी के प्रमुख हैं. उन्होंने अपनी कोचिंग में भारतीय क्रिकेट को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं. उनमें मयंक अग्रवाल, ऋषभ पंत, हनुमा विहारी, पृथ्वी शॉ, शुभमन गिल, शिवम मावी, ईशान किशन आदि जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं.
