टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने अपनी नई आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) की प्रशंसा की है। उनको लगता है कि संजू बल्लेबाजी के मामले में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की तरह ही प्रतिभाशाली हैं। 35 साल के क्रिकेटर ने कहा कि वह सैमसन की बैटिंग के फैन हैं। बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने अश्विन को आईपीएल 2022 की नीलामी में 5 करोड़ रूपए में खरीदा था। वे इस सीजन आरआर की तरफ से खेलते हुए नज़र आएंगे।
राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है, जिसमें आर अश्विन ने संजू सैमसन की तारीफ करते हुए कहा, “मैं हमेशा संजू की बल्लेबाजी देखकर हैरान रह जाता हूं। मैं रोहित शर्मा का फैन हूं। हम एक-दूसरे के साथ खेले हैं और रोहित एक विशेष खिलाड़ी हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि संजू भी रोहित की तरह उतने ही खास हैं। यह बस इतना है कि संजू ने अभी तक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। मुझे लगता है कि यह केवल समय की बात है।” वैसे भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने भी संजू सैमसन की प्रतिभा और क्षमता की प्रशंसा की थी।
गौरतलब है कि पिछले महीने श्रीलंका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 27 साल के संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने 3 मुकाबलों की 2 पारियों में 28.50 के औसत से 57 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 39 का था। सैमसन आईपीएल और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करते आए हैं, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में नाकामयाब रहे हैं।
