बुधवार को मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की बेटी समायरा का एक प्यारा सा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में रोहित और रितिका के साथ समायरा मस्ती करती हुई नज़र आ रही हैं। इतना ही नहीं वे इस वीडियो में मम्मी रितिका के कई सवालों के जवाब भी देती हुई दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि रोहित शर्मा समायरा को मुंबई इंडियंस का हेलमेट पहना रहे हैं। इसके बाद रितिका ने समायरा से पूछा कि आपके डैड सिक्स कैसे लगाते हैं तो समायरा ने बहुत ही क्यूट अंदाज में पुल शॉट का इशारा किया। इसके बाद रोहित बेटी को कहते हैं कि वे विकेटकीपर की तरह लग रही हैं। इस पर रितिका समायरा को कहती हैं कि आप ऋषभ (पंत) चाचू जैसे लग रहे हो।
वीडियो के अंत में रितिका सजदेह बेटी से हेलमेट पर मुंबई इंडियंस के लोगो को दिखाते हुए पूछती हैं कि ये क्या है? इस पर समायरा जवाब देती हुई कहती हैं कि ‘मुंबई इंडियंस।’ मुंबई इंडियंस ने समायरा का यह क्यूट वीडियो अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर साझा किया है।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में पांच बार ख़िताब अपने नाम किया है। मुंबई ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल की ट्रॉफी जीती थी। अगर इस साल भी MI आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लेती है तो वे लगातार तीन बार आईपीएल चैंपियन बनने वाली पहली टीम बन जाएगी। वहीं, आईपीएल 2021 का पहला मुकाबला 9 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच में खेला जाएगा।
