दिल्ली : भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में अमेरिका और वेस्टइंडीज में आयोजित आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया. इससे पहले, भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में 2007 में पहला टी20 विश्व कप जीता था. हालांकि, रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में हार के बाद से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला था. ऐसे में यह सवाल उठ रहा था कि अगले टी20 विश्व कप में भारत का कप्तान कौन होगा.
यह भी पढ़े: शमी ने शुरू की ट्रेनिंग, टीम इंडिया में जल्द ही करने वाले हैं वापसी! देखिए वीडियो
वनडे विश्व कप के बाद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने स्पष्ट किया था कि भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में बारबाडोस में अपनी छाप छोड़ेगी, और ऐसा ही हुआ. बुधवार को सीएट क्रिकेट अवॉर्ड्स के दौरान, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़, चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव जय शाह की सराहना की. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने परिणामों की चिंता किए बिना खिलाड़ियों से उनकी सर्वश्रेष्ठ क्षमताएं निकालने में उनकी मदद की, जिससे भारत ने टी20 विश्व कप जीतने में सफलता प्राप्त की.
सीएट क्रिकेट अवार्ड्स में साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का पुरस्कार जीतने के बाद, रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप की जीत पर कहा, “मेरे लिए यह एक सपना था कि मैं इस टीम को बदलूं और आंकड़ों या परिणामों की चिंता किए बिना ऐसा माहौल बनाऊं जहां खिलाड़ी बिना किसी दबाव के खुलकर खेल सकें.”
रोहित ने जय शाह, राहुल द्रविड़ और अजीत अगरकर को बताया तीन पीलर
रोहित शर्मा ने आगे कहा, “इसमें सबसे जरूरी था कि मैं अपने तीन प्रमुख स्तंभों की सहायता प्राप्त कर सकूं, जिनमें जय शाह, राहुल द्रविड़, और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर शामिल हैं.” उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण था कि मैं वह सब कुछ करूं जो कर सकता था, और हम उन खिलाड़ियों को भी नहीं भूल सकते जिन्होंने विभिन्न समयों पर आकर टीम को सफल बनाने में मदद की.”
