हम सभी जानते हैं कि दुनिया भर में खेलों के प्रति लोगों की दीवानगी बहुत है। हर देश में कोई न कोई ऐसा खेल है, जो सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। ऐसे में दुनिया में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला खेल फुटबॉल है और उसके बाद क्रिकेट दूसरे स्थान पर आता है। दुनिया भर में क्रिकेट प्रेमियों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। एशिया की बात करें तो लगभग सभी देशों में क्रिकेट खेला जाता है और बहुत पसंद किया जाता है।
भारत में क्रिकेट सबसे ज्यादा देखे जाने वाला खेल है। भारत में क्रिकेट को सिर्फ खेल नहीं समझा जाता बल्कि एक धर्म की तरह इसकी पूजा की जाती है। ऐसे में क्रिकेट में अपना नाम कमाने वाले खिलाड़ियों पर पैसों की खूब बरसात होती है। आज हम इस आर्टिकल में 2021 के उन पांच सबसे अमीर क्रिकेटर्स के बारे में बताएंगे, जिन्होंने सबसे ज्यादा कमाई की है।
ये हैं दुनिया के टॉप-5 सबसे अमीर क्रिकेटर्स
- ब्रायन लारा

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने साल 1990 से लेकर 2007 तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक किंग की तरह दबदबा बनाकर रखा था। उन्होंने कई मुकाबलों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके नाम कई रिकॉर्ड्स दर्ज हैं। लारा को ‘प्रिंस ऑफ पोर्ट ऑफ स्पेन’ के नाम से भी जाना जाता है।
इस पूर्व कैरेबियाई ने अपने खेल के दिनों में बहुत पैसा कमाया था और साल 2021 में उनकी कुल संपत्ति 454 करोड़ रूपए है। इसके साथ ही ब्रायन लारा का त्रिनिदाद में एक शानदार घर भी है। क्रिकेट के अलावा वे गोल्फ भी खेल चुके हैं। 52 साल के महानतम खिलाड़ी के विज्ञापनों की बात करें तो तेंदुलकर की तरह लारा भी लंबे समय से टायर ब्रांड MRF से जुड़े रहे थे। MRF ने ब्रायन लारा को एक चौंका देने वाली राशि का भी भुगतान किया था।
- रिकी पोंटिंग

पूर्व कंगारू कप्तान रिकी पोंटिंग का नाम क्रिकेट इतिहास के सफल कप्तानों में गिना जाता है। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एकदिवसीय विश्व कप का खिताब दो बार अपने नाम किया था। पोंटिंग संन्यास लेने के बाद कमेंट्री करते थे। हालांकि, अब वे ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय पुरुष टीम के सहायक कोच हैं और साथ ही आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच के पद पर हैं।
रिकी पोंटिंग का नाम ऑस्ट्रेलिया के सबसे अमीर खिलाड़ियों की लिस्ट में भी शामिल है। उनकी साल 2021 में कुल संपत्ति 492 करोड़ रूपए की है। पोंटिंग कई बड़े ब्रैंड एंडोर्समेंट करते हैं, जिसमें वाल्वोलिन, एडिडास, रेक्सोना और कई अन्य शामिल हैं। इसके अलावा 46 साल के पूर्व कप्तान का मेलबर्न में ब्राइटन के अपस्केल गोल्डन माइल में एक आलीशान बंगला है, जिसका नाम शनफोर्ड मेंशन है। इसकी कीमत 69 करोड़ 8 लाख रूपए है। उनके इस घर में एक निजी थिएटर, एक पूल, एक बिलियर्ड रूम और एक टेनिस कोर्ट बना है।
- विराट कोहली

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली वर्तमान समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। इतना ही नहीं कोहली ऐसे एकलौते खिलाड़ी हैं, जिनका तीनों फॉर्मेट में 50 से ज्यादा का औसत है। विराट का नाम दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटर्स में भी गिना जाता है। वे बड़े ब्रैंड्स के प्रमोशन के लिए मोटी रकम लेते हैं।
विराट कोहली के वैश्विक ब्रैंड्स में प्यूमा, ऑडी, एमआरएफ, कोलगेट-पामोलिव, टिसोट शामिल हैं। इसके अलावा उनका अपना कपड़ों का एक ब्रैंड भी है, जिसका नाम WROGN है। वहीं, कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा के पास मुंबई में एक शानदार 7171 वर्ग फुट का अपार्टमेंट है, जिसकी कीमत 34 करोड़ रूपए की है। कोहली एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें फोर्ब्स 2020 की सूची में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल किया गया। 32 साल के भारतीय कप्तान की साल 2020 में 196 करोड़ रूपए की कमाई थी।
- एमएस धोनी

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम दुनिया के सफल कप्तानों में लिया जाता है। धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2007, आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2011 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2013 अपने नाम की थी।
माही की कुल संपत्ति 840 करोड़ रूपए है। धोनी वैश्विक ब्रैंड्स रीबॉक, टीवीएस मोटर्स, रेड बस, सोनी ब्राविया, लेस इनसे जुड़े हुए हैं, जबकि स्निकर्स, गोएड्डी, ओरिएंट, गल्फ ऑयल और कई अन्य एंडोर्समेंट ब्रैंड्स भी शामिल हैं। इसके अलावा 39 साल पूर्व कप्तान को टाइम मैगज़ीन द्वारा 100 ‘दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों’ के तहत सूचीबद्ध किया गया था। वहीं, धोनी का रांची में एक आलीशान फार्महाउस है, जहां वे अपने परिवार संग रहते हैं और इसकी कीमत भी करोड़ों में है।
- सचिन तेंदुलकर

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर अपने खेल के दिनों में दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज थे। मास्टर ब्लास्टर का नाम साल 2021 में सबसे अमीर क्रिकेटर्स की सूची में पहले स्थान पर है। सचिन की कुल संपत्ति 870 करोड़ रूपए की है।
48 साल के पूर्व क्रिकेटर फिलिप्स, ब्रिटानिया, वीज़ा, बीएमडब्ल्यू, पेप्सी, ल्यूमिनस, एडिडास, कैनन, कैस्ट्रोल आदि जैसे वैश्विक ब्रैंड्स से जुड़े रहे हैं। वे मशहूर टायर ब्रांड MRF का भी प्रमोशन करते थे। उनका मुंबई में सुपर स्पेशियस और आलीशान घर है, जिसकी कीमत 38 करोड़ रूपए है।
सचिन तेंदुलकर के इस सपनों के महल में पांच मंजिलें हैं, जिसमें सबसे ऊपर वे अपनी पत्नी अंजलि के साथ रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल में उनके बच्चे रहते हैं। वहीं, पहली मंजिल उन्होंने अपने मेहमानों के लिए रखी है। साथ ही ग्राउंड फ्लोर पर उनकी सभी ट्रॉफी हैं।
