हाल ही में इंग्लैंड के साउथेम्पटन के रोज बाउल में खेले गए आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021 के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से पराजित किया, जिसके साथ ही टीम इंडिया विश्व टेस्ट चैंपियन बनने से चूक गई. वहीं, पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज सलामी सलमान बट का मानना है कि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को डब्ल्यूटीसी के फाइनल में टीम इंडिया में ज़रूर शामिल करना चाहिए था.
उन्होंने भुवनेश्वर की तुलना इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन से की है. सलमान बट ने भुवी को खिताबी मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर हैरानी जताई है.
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है भुवनेश्वर कुमार को भारतीय टीम में होना ही चाहिए था. जाहिर तौर पर वह भारत के बेस्ट स्विंग गेंदबाज हैं. वह उनको साथ तक लेकर नहीं आए. पिच से, जिस तरह की स्विंग और सीम मिलती है, उनको टीम में होना चाहिए था.”
सलमान ने आगे कहा, “बॉल को रिलीज और स्विंग करने के मामले में अगर बात की जाए तो भुवनेश्वर कुमार जेम्स एंडरसन की सेम कैटेगरी में आते हैं. वह इस तरह के गेंदबाज हैं. इस लिए मेरे हिसाब से वह टीम में होने चाहिए थे.”
गौरतलब है कि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं दी गई थी और वे अब श्रीलंका के खिलाफ वनडे व टी20 सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे. भुवनेश्वर को शानदार स्विंग गेंदबाजी के लिए जाना जाता है. ऐसे में सलमान बट का मानना है कि भुवनेश्वर को विराट कोहली वाली टीम के साथ इंग्लैंड में होना चाहिए था.
